हरिपुरधार: 12 दिन से लापता 55 वर्षीय जागर सिंह, ढूंढने में बने मददगार

Spread the News
संगड़ाह, 27 मार्च : जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में एक 55 वर्षीय व्यक्ति पिछले 12 दिन से लापता हो गया है। बेटी ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हरिपुरधार के ग्राम पंचायत सैंज के लजवा गांव के निवासी जागर सिंह पुत्र ध्यान सिंह पिछले 12 दिनों से घर से लापता है। दूर-दूर तक ढूंढने के बावजूद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। 55 वर्षीय जागर सिंह से मोबाइल पर आखरी बार बात 17 मार्च को हुई बताई जा रही है।
लजवा गांव के निवासी बलबीर ठाकुर से 17 मार्च को मोबाइल पर हुई आखिरी बात में जागर सिंह ने बताया था कि वह रोहडू क्षेत्र के अड़हाल गाव में दिहाड़ी कमाने गया हुआ है। उसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और संपर्क पूरी तरह टूट गया।
जागर सिंह मूलत हरिपुरधार के गैहल गांव का निवासी है, परंतु पिछले लगभग 20 वर्षों से वह लजवा गांव में रह रहा है। जागर सिंह के घर में उसकी पत्नी, सात बेटियां और एक छोटा बेटा लगभग 12 दिनों से परेशान हैं और प्रशासन से उन्हें ढूंढने की गुहार लगा रहे हैं।
तीन दिनों तक जगह-जगह संपर्क करने के बाद जागर सिंह की पुत्री प्रियंका शर्मा ने 21 मार्च को संगड़ाह पुलिस थाने में अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस से उन्हें ढूंढने का आग्रह किया है, परंतु ट्रैकिंग पर फोन लगाकर रोहड़ू क्षेत्र में कई जगह ढूंढने के बावजूद भी पुलिस को जागर सिंह का अभी तक कोई पता नहीं लग पाया है।
उधर एसएचओ संगड़ाह बृज लाल मेहता ने बताया कि जागर सिंह की पुत्री प्रियंका शर्मा ने 21 मार्च को संगड़ाह पुलिस थाने में अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रोहडू, शिमला, जुब्बल, कोटखाई, रोनहाट आदि कई स्थानों पर उन्हें ढूंढने का प्रयास किया। मगर अभी तक उसका कोई पता नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि जागर सिंह की तलाश जारी है।

Leave a Comment