भाजपा के चारों टिकट फाइनल मंडी से ‘कंगना’, कांगड़ा से राजीव भारद्वाज

Spread the News
शिमला सीट से सुरेश कश्यप व हमीरपुर से अनुराग ठाकुर के नामों की पहले हो चुकी है घोषणा
शिमला, 25 मार्च : भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों की पांचवी सूची में अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangna Ranaut) को हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी बनाया है। हालांकि, कंगना रनौत की दावेदारी पहले भी सामने आ रही थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा था।
आपको बता दें कि अभिनेत्री कंगना रनौत मूलतः मंडी जनपद के सरकाघाट उपमंडल के भांबला की रहने वाली हैं। अरसे से कंगना भाजपा के सुर से सुर मिला रही थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने रामस्वरूप शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा था। दिवंगत शर्मा ने पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा को एकतरफा मुकाबले में हराया था।
रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद उप चुनाव में कांग्रेस की मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने चुनाव जीत लिया था। भाजपा को ये सीट खोनी पड़ी थी। हालांकि, प्रतिभा सिंह इस बार चुनाव मैदान में उतरने से इंकार कर चुकी हैं। कांग्रेस यदि दोबारा आश्रय शर्मा को चुनाव मैदान में उतारती है तो मुकाबला और रोचक हो जाएगा। रिश्ते में आश्रय के छोटे भाई के सलमान खान साले लगते हैं।
गौरतलब है कि लोकसभा के उप चुनाव में भाजपा ने मंडी सीट पर ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को मैदान में उतारा था। उधर, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से भाजपा ने डाॅ. राजीव भारद्वाज को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा शिमला सीट पर सुरेश कश्यप व हमीरपुर से अनुराग ठाकुर के नामों की घोषणा पहले ही कर चुकी थी।

Leave a Comment