एक साल कार्यकाल के बाद आज हिमाचल सरकार में हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार

Spread the News

शिमला, 12 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुक्खू सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार आज दोपहर बाद होने के आसार हैं। मंत्री बनाने वाले संभावित विधायकों को शिमला बुला लिया गया है। एक साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार आज हो सकता है।

जानकारी मिली है कि राज्यपाल के लौटने पर शाम चार बजे शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। सुक्खू कैबिनेट में मंत्रियों के तीन पद रिक्त चल रहे हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कितने पदों को भरा जाएगा। पिछले दिनों मुख्यमंत्री सुक्खू ने साफ किया था कि इसी महीने कैबिनेट विस्तार किया जाएगा। प्रदेश में पिछले कुछ माह से कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं से सियासी गलियारों में सरगर्मी बढ़ी हुई थी। सूत्रों की मानें तो इस कैबिनेट विस्तार में एक से तीन लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है।
वहीं कुछ पूर्व मंत्रियों के विभाग बदलने की भी सुगबुगाहट है।

बिलासपुर जिला से एकमात्र विधायक राजेश धर्माणी मंत्री पद की शपथ लेंगे। धर्माणी घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक बने हैं।

इस विस्तार में बिलासपुर के विधायक राजेश धर्माणी का नाम फाइनल बताया जा रहा है। कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर से विधायक यादवेंद्र गोमा के नाम की भी चर्चा जोरों पर है। धर्मशाला से सुधीर शर्मा, हमीरपुर जिला के सुजानपुर से राजेंद्र राणा का नाम भी रेस में है।

Leave a Comment