हिमाचल में 1 जून होंगे लोकसभा चुनाव,6 विधानसभा सीटों के लिए होगा उपचुनाव

Spread the News

शिमला,16 मार्च : हिमाचल की चार लोकसभा सीटों शिमला, मंडी, कांगड़ा व हमीरपुर सहित छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए 7 मई को अधिसूचना जारी होगी। 14 मई तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 15 मई को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 17 मई को नामांकन वापसी होगी। 1 जून शनिवार को मतदान होगा और 4 जून को नतीजे घोषित होंगे।

केंद्रीय चुनाव आयोग 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। हिमाचल प्रदेश की कुल चार लोकसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव की तारीखों का एलान करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव सात चरणों में होंगे। पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा चरण 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवा चरण 20 मई, छठा चरण 25 मई और सातवां चरण 1 को होगा। हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों के लिए सातवें चरण में 1 जून को मतदान होगा। सभी चरणों के बाद 4 जून को मतगणना होगी।

हिमाचल की छह विधानसभा सीटों के लिए होगा उपचुनाव
चुनाव आयोग के अनुसार 26 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होगा। इसमें हिमाचल प्रदेश की छह सीटें भी शामिल हैं। इनका चुनाव भी लोकसभा चुनाव शेड्यूल के तहत ही होगा। धर्मशाला, लाहौल-स्पीति, सुजानपुर, बड़सर, गगरेट, कुटलैहड़ विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होगा।

स्टार प्रचारकों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश उपलब्ध करवाए जाएंगे
विभिन्न राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध करवाएंगे जाएंगे। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को रोकने के लिए यह कदम उठाया जाएगा। नेता प्रचार के दौरान रेड लाइट को क्रॉस करने से बचें। चुनाव प्रचार के लिए बच्चों का इस्तेमाल नहीं हो सकेगा। इस पर कड़ी कार्रवाई होगी। किसी भी उम्मीदवार का आपराधिक रिकॉर्ड है तो उसे तीन बार अखबार और टीवी पर बताना पड़ेगा। राजनीतिक पार्टी को भी बताना पड़ेगा कि वो उसे टिकट क्यों दे रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की शायरी में मतदाताओं को फर्जी खबरें और असत्यापित जानकारी आगे नहीं बढ़ाने की सलाह दी गई है। राजनीति दलों को व्यक्तिगत टिप्पणी व अभद्र भाषा के इस्तेमाल से बचना चाहिए।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव में हिंसा पर सख्त कार्रवाई होगी। चुनाव में हिंसा की बिल्कुल गुंजाइश नहीं। हिंसा मुक्त चुनाव करवाना सुनिश्चित किया जाएगा। ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। चुनाव में धनबल का इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। चुनाव में धन का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। बीते चुनाव में हिमाचल सहित 11 राज्यों में 3400 करोड़ जब्त हुए थे। काले धन के इस्तेमाल को रोकने के भरपूर प्रयास करेंगे। कुछ राज्यों में बल का प्रयोग ज्यादा है, कुछ राज्यों में धन का प्रयोग ज्यादा होता है। हमारे पास पूरे आंकड़े हैं।

Leave a Comment